नोएडा : 17/ जून / 2026 : भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित जिला प्रबुद्ध सम्मेलन में “12 साल नरेंद्र मोदी: विकास के, विश्वास के, जनकल्याण के” तथा “लक्ष्य 2047 : संकल्प से सिद्धि तक, विकसित भारत की ओर” विषयों पर व्यापक चर्चा की गई। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता (आर्थिक विषय) गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया।
अपने संबोधन में श्री अग्रवाल ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारत ने नीतिगत जड़ता से बाहर निकलकर विश्वास, विकास और सुशासन का नया अध्याय लिखा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू किए गए सुधारों ने जनकल्याणकारी योजनाओं को घोषणाओं तक सीमित रखने के बजाय सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि आधार आधारित पहचान प्रणाली और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से ₹51 लाख करोड़ से अधिक की राशि बिना किसी लीकेज के सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाई गई है। इससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है और योजनाओं की पारदर्शिता बढ़ी है। उन्होंने दावा किया कि इसी व्यवस्था के कारण बीते वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।

श्री अग्रवाल ने “पुश मॉडल ऑफ गवर्नेंस” का उल्लेख करते हुए कहा कि अब सरकार स्वयं पात्र लाभार्थियों तक पहुंचकर उन्हें योजनाओं से जोड़ रही है। उन्होंने बताया कि देश में वर्ष 2014 में 74 हवाई अड्डे थे, जो अब 150 से अधिक हो चुके हैं। मेट्रो नेटवर्क का विस्तार 5 शहरों से बढ़कर 50 से अधिक शहरों तक पहुंच गया है। रक्षा निर्यात ₹700 करोड़ से बढ़कर ₹23,000 करोड़ से अधिक हो गया है तथा राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण की गति भी उल्लेखनीय रूप से बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा, एथेनॉल, रक्षा उत्पादन, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, डेटा सेंटर और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में भारत तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है। साथ ही सार्वजनिक उपक्रमों से केंद्र सरकार को प्राप्त लाभांश आर्थिक मजबूती का संकेत है।
उत्तर प्रदेश की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था, मजबूत आधारभूत संरचना, निवेश-अनुकूल वातावरण और कुशल श्रमशक्ति के कारण प्रदेश विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में निर्णायक भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

कार्यक्रम में सांसद महेश शर्मा, मंत्री बृजेश सिंह, राज्यसभा सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी, पूर्व राज्यसभा सांसद कांता कर्दम, पूर्व राज्यसभा महासचिव योगेंद्र नारायण, एनईए अध्यक्ष विपिन मल्हन, वरिष्ठ नेता नवाब सिंह नागर तथा नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
![]()
