सुनील पाठक , गोरखपुर
गोरखपुर : 30 / जुलाई / 2026 : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई गुट) गोरखपुर जिला कार्यकारिणी ने गुरुवार को जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह के नेतृत्व एवं जिला मंत्री डॉ. शोभित श्रीवास्तव के संचालन में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया।
प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित इस धरने में शिक्षकों की 31 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम 21 सूत्रीय ज्ञापन तथा जिले से संबंधित 11 सूत्रीय मांगपत्र जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार सिंह को सौंपा गया।

धरने को संबोधित करते हुए संघ के प्रांतीय संरक्षक जगदीश पांडेय ठकुराई ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए “वन नेशन, वन एजुकेशन” और “वन नेशन, वन सर्विस कंडीशन” की नीति को प्रभावी ढंग से लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की सेवा शर्तों और सुविधाओं में कटौती कर शिक्षा का विकास संभव नहीं है। निजीकरण और पूंजीवाद के विरुद्ध संगठित संघर्ष की आवश्यकता है।
प्रांतीय मंत्री डॉ. अजय कुमार पांडेय ने कहा कि ठकुराई गुट केवल शिक्षकों के हितों की ही नहीं, बल्कि शिक्षा और विद्यार्थियों के भविष्य की भी चिंता करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को मिली सभी सुविधाएं संगठन के संघर्ष का परिणाम हैं और इन्हें बचाने के लिए एकजुट रहना आवश्यक है।

प्रांतीय मंत्री देवेंद्र प्रताप सिंह गौतम ने संगठन की संघर्षशील परंपरा का उल्लेख करते हुए गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अधिकृत प्रत्याशी सत्यपाल सिंह को विजयी बनाने की अपील की। वहीं जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने शिक्षा विभाग में पारदर्शिता, भ्रष्टाचार पर रोक तथा शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें विधान परिषद में जाने का अवसर मिला तो वे शिक्षकों के अधिकारों की प्रभावी आवाज बनेंगे।
धरने के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार सिंह ने संगठन को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिला स्तर की लंबित एवं न्यायोचित मांगों का शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा, जबकि शासन स्तर की मांगों को तत्काल शासन को भेजा जाएगा।
कार्यक्रम को पूर्व प्रांतीय मंत्री सुधाकर त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष दुर्गेश दत्त पांडेय, मंडल मंत्री डॉ. डी.एन. पांडेय, महानगर अध्यक्ष घनश्याम तिवारी, डॉ. दिनेश गौतम सिंह, रामजी बागी, सुभाष यादव सहित कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
धरने का संचालन जिला मंत्री डॉ. शोभित श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, जिला मंत्री डॉ. शोभित श्रीवास्तव एवं अन्य पदाधिकारियों ने जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर धरना समाप्त किया। इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












