खुर्जा : 29 / जुलाई / 2026 : आषाढ़ मास की पूर्णिमा और गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर रानी वाला चौक स्थित श्री गोवर्धन महाराज मंदिर से सप्त संकीर्तनमयी परिक्रमा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। परिक्रमा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और भजन-कीर्तन करते हुए पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया।
परिक्रमा मंदिर परिसर से शुरू होकर रानी वाला चौक, चंपालाल की हवेली, लाल कुआं, बिंदा वाले चौक, तिलभांडेश्वर मंदिर, गौरीशंकर मंदिर, पुरानी पंजाब नेशनल बैंक और बजाजा बाजार होते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।

इस दौरान डीसी गुप्ता ‘कांटे वाले’ ने बताया कि गुरु पूर्णिमा का गोवर्धन धाम से विशेष धार्मिक संबंध है। गोवर्धन में इस अवसर पर मुड़िया पूर्णिमा का प्रसिद्ध मेला आयोजित होता है, जिसमें देशभर से श्रद्धालु पहुंचकर गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा करते हैं। इसी परंपरा के तहत खुर्जा में भी प्रतिवर्ष यह आयोजन श्रद्धापूर्वक किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने श्री गोवर्धन महाराज का दुग्धाभिषेक कर दूध, फल और मिष्ठान अर्पित किए। भजन-कीर्तन के बीच सप्त परिक्रमा संपन्न हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं को भोग एवं प्रसाद वितरित किया गया।

विकास वर्मा ने भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत धारण कर ब्रजवासियों की रक्षा किए जाने की कथा का उल्लेख करते हुए कहा कि गोवर्धन महाराज की पूजा और परिक्रमा का विशेष धार्मिक महत्व है।

आयोजन को सफल बनाने में राकेश वर्मा, शेखर वर्मा, राजीव वार्ष्णेय, हरीश वर्मा, कृष्ण गोपाल शर्मा, विशेष गर्ग, विकास वर्मा, डीसी गुप्ता ‘कांटे वाले’, योगेश गुप्ता ‘योगी’, आशीष गुप्ता, सरिता गुप्ता सहित अनेक श्रद्धालुओं का सहयोग रहा।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












