सुनील पाठक , गोरखपुर
बस्ती : 22 / अगस्त / 2026 : बस्ती जिले में तांत्रिक विद्या और पूजा-पाठ की आड़ में लोगों को डरा-धमकाकर उनके सोने-चांदी के आभूषण हड़पने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोनहा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने की चेन, एक सोने का मंगलसूत्र, एक चांदी का ब्रेसलेट और चार हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

थानाध्यक्ष सोनहा महेश सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे ग्राम भानपुर शंकरपुर मोड़ तिराहा उकड़ा के पास मुखबिर की सूचना पर छापेमारी करते हुए आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोंडा जनपद के थाना खोड़ारे क्षेत्र निवासी प्रेम कुमार उर्फ फोलई पुत्र माधोराम, ग्राम टेगनहवा, तथा प्रदीप अग्रहरी पुत्र स्व. रामचंदर, ग्राम टेगनहवा पश्चिम के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को सोनहा थाने में एक महिला ने प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि उसका बेटा राधेश्याम अक्सर बीमार रहता था। इसी दौरान उसके रिश्तेदार मोहित ने एक तांत्रिक से इलाज कराने की सलाह दी। महिला अपने बेटे को लेकर आरोपी प्रेम कुमार के पास पहुंची, जहां तांत्रिक ने पूजा-पाठ और झाड़-फूंक के बाद यह कहकर उसे भयभीत कर दिया कि उसके घर पर भूत-प्रेत का साया है।
इसके बाद 15 जून को आरोपी अपने एक साथी के साथ महिला के घर पहुंचा और वहां पूजा-पाठ शुरू कर दिया। पूजा के बहाने आरोपियों ने महिला से उसके बेटे के सोने-चांदी के जेवर और मंगलसूत्र मंदिर में चढ़ाने की बात कहकर मांग लिए। महिला के इनकार करने पर आरोपियों ने उसके बेटे की मृत्यु हो जाने की धमकी दी, जिससे डरकर महिला ने सोने की चेन, मंगलसूत्र और चांदी का ब्रेसलेट उन्हें सौंप दिया।आभूषण लेने के बाद दोनों आरोपी वहां से चले गए और दोबारा नहीं लौटे।
महिला द्वारा बार-बार सामान वापस मांगे जाने पर आरोपियों ने कथित तौर पर तीन लाख रुपये की मांग रख दी और रुपये न देने पर दोबारा तंत्र-मंत्र करवाकर नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। परेशान महिला ने अंततः सोनहा थाने में तहरीर देकर पूरे मामले की जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
जांच में सामने आया है कि प्रेम कुमार उर्फ फोलई के खिलाफ सोनहा थाने के अलावा पुरानी बस्ती और डुमरियागंज थानों में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं प्रदीप अग्रहरी के खिलाफ भी सोनहा और पुरानी बस्ती थाने में मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया।
गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष महेश सिंह के अलावा उपनिरीक्षक इन्द्रजीत तिवारी, उपनिरीक्षक जय प्रकाश तिवारी तथा कांस्टेबल मनोज कुमार यादव व देवानन्द यादव शामिल रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










