बड़हलगंज, गोरखपुर : 22 / अगस्त / 2026 : उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बस में यात्री को स्टैंड पर छोड़कर रवाना होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बड़हलगंज में बस रुकने के दौरान यात्री कुछ सामान लेने सड़क पार गया था।

इसी बीच चालक-परिचालक बस लेकर आगे निकल गए। यात्री को बस में छूटे जरूरी सामान और दस्तावेजों के लिए करीब 30 किलोमीटर तक बस का पीछा करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, 21 अगस्त को आजमगढ़ से गोरखपुर के लिए बस्ती डिपो की बस संख्या UP 78 JT 4976 रवाना हुई थी। दोपहर करीब 2:45 बजे बस बड़हलगंज पहुंची। बस में करीब 15 से 20 यात्री बताए जा रहे हैं। आरोप है कि परिचालक ने यात्रियों को करीब पांच मिनट बस रुकने की बात कही थी।
इसी दौरान यात्री निहाल सिंह सड़क पार कुछ सामान लेने चले गए। आरोप है कि करीब तीन मिनट बाद ही बस चालक-परिचालक बस लेकर आगे निकल गए। यात्री का जरूरी सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज बस में ही रह गए थे। इसके बाद उन्हें दूसरे वाहन से बस का पीछा करना पड़ा।
बताया गया कि करीब 30 किलोमीटर पीछा करने के बाद यात्री ने बस को पकड़ लिया और परिचालक से मामले को लेकर नाराजगी जताई। आरोप है कि शिकायत करने पर परिचालक ने अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय यात्री को ही जिम्मेदार ठहराया। यात्री के अनुसार, जब उन्होंने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करने की बात कही तो परिचालक ने कथित तौर पर कहा कि “मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।”
घटना के बाद यात्री ने परिवहन निगम के संबंधित क्षेत्रीय प्रबंधक से फोन के माध्यम से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया। यात्री का दावा है कि उन्होंने करीब चार बार फोन किया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
मामले को लेकर रोडवेज कर्मचारियों की कार्यशैली और अधिकारियों की कथित चुप्पी पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










