Home » उत्तर प्रदेश » डीएम के आदेश के बाद भी नहीं मिली क्षतिपूर्ति, शौचालय की टंकी क्षतिग्रस्त

डीएम के आदेश के बाद भी नहीं मिली क्षतिपूर्ति, शौचालय की टंकी क्षतिग्रस्त

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

सुनील पाठक , गोरखपुर

 

महराजगंज  : 22 / अगस्त / 2026 :   बागापार खास गांव में सड़क व नाली निर्माण के दौरान निजी शौचालय की टंकी क्षतिग्रस्त होने का मामला सामने आया है। पीड़ित काशी प्रसाद ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कराने और क्षतिग्रस्त टंकी की क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि जिलाधिकारी के निर्देश के बावजूद अब तक उसे क्षतिपूर्ति नहीं मिल सकी है।

काशी प्रसाद का कहना है कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत उनके घर में अनुदान से शौचालय का निर्माण कराया गया था। बागापार-महराजगंज वाया रामपुर बुजुर्ग मार्ग पर पीडब्ल्यूडी की ओर से सड़क एवं नाली निर्माण के लिए कराई जा रही खुदाई के दौरान शौचालय की टंकी क्षतिग्रस्त हो गई।

पीड़ित ने निर्माण कार्य से जुड़े मेठ अजय सिंह पर टंकी क्षतिग्रस्त करवाने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर उन्होंने पहले खंड विकास अधिकारी सदर को रजिस्टर्ड पत्र के माध्यम से शिकायत की। सुनवाई न होने पर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया गया।

पीड़ित के मुताबिक, जिलाधिकारी ने मामले में क्षतिपूर्ति दिलाने के लिए खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया था। इसके बाद ग्राम विकास अधिकारी चंद्र प्रकाश गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और क्षतिपूर्ति दिलाने की बात कही।

काशी प्रसाद का आरोप है कि करीब 15 दिन बाद जब उन्होंने मामले की जानकारी ली तो उन्हें बताया गया कि क्षतिपूर्ति जिलाधिकारी स्तर से मिलेगी अथवा जिलाधिकारी के माध्यम से पीडब्ल्यूडी को आदेश कराया जाए। ऐसे में वह अब तक क्षतिपूर्ति के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं।

पीड़ित ने जिलाधिकारी से मामले की सक्षम अधिकारी से जांच कराने, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा क्षतिग्रस्त शौचालय की टंकी की उचित क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है। उन्होंने 18 अगस्त को जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment