जहांगीराबाद : 25 / अगस्त / 2026 : जहांगीराबाद नगर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और भंडारण के खिलाफ नगर पालिका प्रशासन ने अभियान शुरू कर दिया है। मंगलवार को अधिशासी अधिकारी ओम गिरी के नेतृत्व में पालिका टीम ने विभिन्न दुकानों पर पहुंचकर दुकानदारों को चाइनीज मांझे की बिक्री नहीं करने की सख्त चेतावनी दी।

अधिशासी अधिकारी ओम गिरी ने दुकानदारों से स्पष्ट कहा कि किसी भी दुकान पर प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बिक्री करते हुए पाया गया तो संबंधित दुकान को सीज करने के साथ ही सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों से प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और भंडारण से पूरी तरह दूर रहने की अपील की। पालिका प्रशासन के अनुसार चाइनीज मांझा आम लोगों, राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।
इसके अलावा पक्षियों के लिए भी यह जानलेवा है। इसी को देखते हुए नगर में इसकी बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान पालिका टीम ने दुकानदारों को प्रतिबंधित मांझे की बिक्री नहीं करने और नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने चेताया कि आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उधम सिंह, अशोक कुमार समेत नगर पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










