चोला : 11 / सितम्बर / 2026 : थाना चोला क्षेत्र में चोरों के आतंक से किसान परेशान हैं। बीती रात अज्ञात बदमाशों ने गांव चोला के पास स्थित शिव फार्म हाउस में धावा बोल दिया। आरोप है कि बदमाशों ने गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और मैरिज होम संचालक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। बदमाश संचालक का मोबाइल छीनकर ले गए और परिसर में लगे कई सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए।
इसके बाद बदमाश जंगल में पहुंचे और किसानों की ट्यूबवेलों को निशाना बनाया। कई ट्यूबवेलों के ताले तोड़कर कीमती केबल, स्टार्टर व अन्य सामान चोरी कर लिया गया। कुछ स्टार्टर नहीं खुल सके तो बदमाशों ने उन्हें तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। किसानों के मुताबिक चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

गांव निवासी धर्मवीर सिंह, उधम सिंह, सुधीर सिंह और योगेश सिंह समेत अन्य किसानों ने बताया कि देर शाम घटना की जानकारी मिलने पर जब वे जंगल पहुंचे तो कई ट्यूबवेलों के ताले टूटे मिले। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब 15-20 दिन पहले भी इसी तरह चोरी की घटनाएं हुई थीं। गांव के मंदिरों से घंटे और चार बैटरे चोरी किए गए थे। उस मामले में भी चोला थाने में तहरीर दी गई थी, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
घटना से नाराज किसान देर शाम बड़ी संख्या में चोला थाने पहुंचे और अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और पूर्व की चोरी की घटनाओं का भी खुलासा करने की मांग की।
चोला थाना प्रभारी दिग्विजय नाथ साही ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










