Home » उत्तर प्रदेश » 17 सितंबर को जनपद में होंगे सेवा संकल्प अभियान के विभिन्न कार्यक्रम , ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ थीम पर जनपद से ग्राम पंचायत स्तर तक होंगे आयोजन

17 सितंबर को जनपद में होंगे सेवा संकल्प अभियान के विभिन्न कार्यक्रम , ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ थीम पर जनपद से ग्राम पंचायत स्तर तक होंगे आयोजन

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]
हाथरस : 13 / सितम्बर / 2026 :   17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जनपद में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ थीम पर जनपद, तहसील, विकासखंड, नगर निकाय एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रमों के सफल, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी आयोजन के लिए जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित करते हुए आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
रक्तदान शिविरों का होगा आयोजन
अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर को प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक जिला चिकित्सालय हाथरस तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ, सादाबाद एवं सासनी में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में रक्तदान के साथ मरीजों एवं जरूरतमंदों को फलों का वितरण भी किया जाएगा। इसके लिए चिकित्सा अधिकारियों को संयोजक अधिकारी नामित किया गया है।
विश्वकर्मा टूलकिट का किया जाएगा वितरण
इसी क्रम में प्रातः 10 बजे से तहसील सभागार हाथरस, सिकंदराराऊ, सादाबाद एवं सासनी में विश्वकर्मा टूलकिट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा। इसके लिए उद्योग विभाग के अधिकारियों को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
49,509 दीपों से जगमगाएगा जनपद
अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर की शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जनपद में कुल 49,509 दीप प्रज्ज्वलित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसके तहत जिला कलेक्ट्रेट, पुलिस लाइन एवं सभी पुलिस थानों, विकास भवन, श्री दाऊजी महाराज मंदिर, शहीद स्मारक, गांधी पार्क, तहसीलों सहित विभिन्न सरकारी भवनों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त जनपद की सभी ग्राम पंचायतों तथा नगर निकायों के सभी नगरीय वार्डों में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित परिवारों के घरों पर भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा।
गांव से लेकर प्रमुख सार्वजनिक स्थलों तक होगी दीप सज्जा
अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र, डिजिटल पुस्तकालय, अमृत सरोवर, ग्राम सचिवालय, अन्नपूर्णा भवन, गौशाला, पानी की टंकियां, विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, औद्योगिक क्षेत्र, वृद्धाश्रम, जिला स्टेडियम एवं जनपद के विभिन्न मंदिरों को भी दीप प्रज्ज्वलन के लिए शामिल किया गया है।
इसके अलावा प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स एवं सार्वजनिक स्थलों के तहत रूहेरी चौराहा, नगला भुस बाईपास चौराहा तथा कैलोरा चौराहा सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
नोडल अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
जिलाधिकारी ने जनपद, तहसील, विकासखंड, नगर निकाय एवं ग्राम पंचायत स्तर पर नोडल अधिकारियों को नामित किया है। नामित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रमों के आयोजन, संबंधित विभागों के मध्य समन्वय, आवश्यक व्यवस्थाओं तथा कार्यक्रमों की प्रभावी मॉनीटरिंग सुनिश्चित करेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 17 सितंबर को होने वाले सभी कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूर्ण कराते हुए निर्धारित स्थान एवं समय पर कार्यक्रम आयोजित कराना सुनिश्चित करें। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रमों के उपरांत विस्तृत रिपोर्ट, पांच उत्कृष्ट फोटोग्राफ्स एवं पांच वीडियो लिंक सेवा संकल्प अभियान के व्हाट्सएप ग्रुप में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रत्येक कार्यक्रम के वीडियो को संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर एवं टैग करते हुए अपलोड करने तथा निर्धारित ई-मेल पर भी भेजने को कहा गया है।
जनसहभागिता की अपील
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण, सुशासन एवं जनकल्याण की भावना के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सभी अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment