सहपऊ/हाथरस : 13 / सितम्बर / 2026 : क्षेत्र के गांव कोंकना कला में करीब 150 वर्ष पुराने प्रसिद्ध बाबा जाहरवीर गोगाजी मेले का आयोजन रविवार सुबह श्रद्धा और उत्साह के साथ शुरू हुआ।
मेले में क्षेत्र के अलावा आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने बाबा जाहरवीर गोगाजी के मठ पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और बाबा का आशीर्वाद लिया। मेले में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
मेले का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने बाबा जाहरवीर गोगाजी के मठ पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बाबा के मठ पर एक स्ट्रीट लाइट लगवाने की घोषणा भी की।

मेले में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा गया। शनिवार को कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी ने पुलिस टीम के साथ मेला स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को मेले के दौरान पूरी तरह सतर्क रहने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भीड़ को नियंत्रित रखने के निर्देश दिए।
वहीं, मेला समिति की ओर से भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। आयोजकों द्वारा दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है।

करीब डेढ़ सौ वर्ष पुराने इस ऐतिहासिक मेले को लेकर ग्रामीणों और क्षेत्रीय श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बाबा जाहरवीर गोगाजी के जयकारों से मेला परिसर भक्तिमय नजर आया।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










