बुलंदशहर : 18 / सितम्बर / 2026 : अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ तहसील प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।
बताया गया कि अहमदगढ़ क्षेत्र के गांव खेलिया के जंगलों में बिना अनुमति के मिट्टी का खनन किए जाने की सूचना प्रशासन को मिली थी। सूचना पर शिकारपुर के नायब तहसीलदार और अहमदगढ़ थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। टीम को देखकर मौके पर मौजूद लोग सकते में आ गए।
जांच के दौरान मौके से मिट्टी से भरी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ी गईं। प्रशासन और पुलिस की टीम तीनों वाहनों को कब्जे में लेकर अहमदगढ़ थाने पहुंची, जहां उन्हें सीज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान वाहनों को छुड़ाने के लिए कथित तौर पर काफी प्रयास किए गए, लेकिन अधिकारियों ने कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती।
तहसील प्रशासन और पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन की ओर से अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।








