अयोध्या : 3 / अक्टूबर / 2026 : जनपद अयोध्या की रुदौली तहसील में आयोजित ‘तहसील समाधान दिवस’ के दौरान जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर प्रशासन सख्त नजर आया।
तहसील दिवस की अध्यक्षता कर रहे जिलाधिकारी (डीएम) शशांक त्रिपाठी ने विद्युत विभाग की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए कड़ा रुख अपनाया और विद्युत विभाग के एक्सईएन को कड़ी चेतावनी दी। तहसील परिसर में पहुंचे डीएम शशांक त्रिपाठी के समक्ष रुदौली नगर क्षेत्र में बिजली से जुड़ी समस्याओं और विभागीय लापरवाही की कई शिकायतें आईं।

शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने मौके पर ही नाराजगी जताई और रुदौली नगर के जेई (जूनियर इंजीनियर) रितेश वर्मा के विरुद्ध तत्काल विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए। डीएम ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे इस पूरे मामले में बिना किसी विलंब के अपनी रिपोर्ट तत्काल उन्हें प्रेषित करें।
जिलाधिकारी की इस कड़ी चेतावनी और कार्रवाई से विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। तहसील दिवस के दौरान डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में किसी भी तरह की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई की जाएगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










