रुदौली : 3 / अक्टूबर / 2026 : अयोध्या जनपद की तहसील रुदौली क्षेत्र में भेलसर चौराहा से रेछघाट जाने वाले पिचमार्ग के चौड़ीकरण कार्य के बीच जल जीवन मिशन की पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क की नवनिर्मित पटरियों को जगह-जगह खोद दिए जाने से राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। सड़क की दोनों पटरियों पर खोदे गए गहरे और चौड़े गड्ढे हादसों को दावत दे रहे हैं।
बताया गया कि करीब डेढ़ से दो माह से लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क के चौड़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इसके तहत सड़क की दोनों पटरियों पर शंकरगढ़ की 40/60 सफेद गिट्टी डालकर उन्हें आवागमन योग्य बनाने का काम चल रहा है। अभी पटरियों का कार्य पूरी तरह पूरा भी नहीं हुआ था कि जल जीवन मिशन योजना के तहत पाइपलाइन डालने के लिए कई स्थानों पर गड्ढे खोद दिए गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार बाबा बाजार चौराहा, भक्तनगर चौराहा, उमापुर और मीरमऊ समेत कई स्थानों पर सड़क की पटरियों को खोदकर गहरे गड्ढे बना दिए गए हैं। आरोप है कि इन गड्ढों के कारण गिट्टी से तैयार की गई सड़क की पटरी भी खराब हो रही है और बारिश अथवा कीचड़ के कारण स्थिति और अधिक खराब हो जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से गड्ढे खुदे पड़े हैं, लेकिन उनमें से अधिकांश स्थानों पर अभी तक पेयजल कनेक्शन की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। वहीं, इन गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों और विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि कुछ वाहन चालक और बच्चे इन गड्ढों में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
ग्रामीणों का सवाल है कि यदि सड़क के चौड़ीकरण के दौरान पटरियां तैयार की जा रही थीं तो पाइपलाइन डालने के लिए उन्हें खोदने के बाद समय से मरम्मत क्यों नहीं कराई जा रही है। उनका कहना है कि सड़क निर्माण और जल जीवन मिशन के कार्यों के बीच समन्वय नहीं होने का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि सड़क की पटरियों पर खोदे गए गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए, पाइपलाइन का कार्य पूरा कर क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराई जाए और आवागमन को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










