Home » बुलंदशहर » सीएचसी की बदहाली का वीडियो वायरल, महिला वार्ड में पसरा अंधेरा, मरीज परेशान

सीएचसी की बदहाली का वीडियो वायरल, महिला वार्ड में पसरा अंधेरा, मरीज परेशान

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

शिकारपुर  : 5 / अक्टूबर / 2026 :   शिकारपुर नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की व्यवस्थाओं की पोल खोलता एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में सीएचसी के महिला वार्ड में भारी अंधेरा दिखाई दे रहा है। वार्ड में महिला मरीज बेड पर लेटी नजर आ रही है। वीडियो में मरीजों को अंधेरे के साथ मच्छरों की समस्या से भी परेशान बताया जा रहा है।

वीडियो में यह कहते हुए सुना जा सकता है कि महिला वार्ड में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था तक नहीं है, जिसके चलते मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और सीएचसी की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों और मरीजों का आरोप है कि सरकार की ओर से स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन और बेहतर सुविधाओं के लिए बजट उपलब्ध कराया जाता है, इसके बावजूद अस्पताल की व्यवस्थाएं बदहाल नजर आ रही हैं।

लोगों का यह भी कहना है कि इससे पहले भी इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की अव्यवस्थाओं से संबंधित कई वीडियो और शिकायतें सोशल मीडिया पर सामने आ चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल

वायरल वीडियो को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है। आरोप है कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों की समस्याओं को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों का अस्पताल में दौरा अक्सर औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित रह जाता है।

आरोप यह भी है कि मरीजों की समस्याओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों से ठोस बातचीत नहीं की जाती।
महिला वार्ड में अंधेरे और मरीजों की परेशानी से जुड़ा यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर अस्पताल की व्यवस्थाओं की जांच कराने और मरीजों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

अब देखना यह होगा कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेने के बाद स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारी अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए क्या कदम उठाते हैं। इस संबंध में संबंधित अधिकारी से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment