Home » जहांगीराबाद » चाचा की हत्या के आरोपी नौशाद, शाहनवाज और इरशाद को भेजा गया जेल, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सुपुर्द-ए-खाक हुए सलीम

चाचा की हत्या के आरोपी नौशाद, शाहनवाज और इरशाद को भेजा गया जेल, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सुपुर्द-ए-खाक हुए सलीम

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

जहांगीराबाद  : 5 / अक्टूबर / 2026 :   जहांगीराबाद  नगर के मोहल्ला पाठक में शनिवार रात पारिवारिक विवाद के चलते घर में घुसकर लाठी-डंडों से की गई बर्बर मारपीट और गला दबाने की घटना में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग सलीम (60) की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

पुलिस ने नामजद आरोपियों नौशाद, शाहनवाज और इरशाद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत के आदेश पर तीनों को जेल भेज दिया गया है। उल्लेखनीय है कि शनिवार रात मोहल्ला पाठक निवासी सलीम घर पर अकेले थे, तभी पारिवारिक रंजिश के चलते आरोपी पक्ष के लोग जबरन घर में घुस आए और उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट करते हुए गला दबा दिया था।

गंभीर हालत में परिजन उन्हें सीएचसी जहांगीराबाद से जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही सलीम की मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतक के बेटे जुनैद की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया था।

एसपी ग्रामीण अंतरिक्ष जैन के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी नौशाद समेत शाहनवाज और इरशाद को गिरफ्तार कर चालान कर दिया, जबकि गठित तीन पुलिस टीमें फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

वहीं दूसरी ओर, पोस्टमार्टम के बाद रविवार शाम को जब मृतक सलीम का शव उनके निवास स्थान पहुंचा, तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। क्षेत्र में व्याप्त तनाव और संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा तथा दरबार बैंड वाली गली व आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल व पुलिस पिकेट तैनात कर दी गई।

कड़े पुलिस पहरे के बीच नम आंखों से सलीम का जनाजा निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, और रिश्तेदार शामिल हुए। इसके बाद परिजनों व अकीदतमंदों ने गमगीन माहौल में सलीम के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया, और फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन पुलिस बल की तैनाती जारी है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment