गाजियाबाद : 12 / अक्टूबर / 2026 : कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में सोमवार को कृषि निवेश अनुदान एवं राहत सहायता वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।

इस अवसर पर प्रदेश के 9.18 लाख से अधिक किसानों के खातों में लगभग 493 करोड़ रुपये की सहायता राशि हस्तांतरित की गई। गाजियाबाद में भी किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित किया गया।
फसल क्षति के मुआवजे के तहत 13 किसानों को सहायता के प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसके अतिरिक्त 20 किसानों को निःशुल्क सरसों बीज मिनीकिट वितरित की गईं, जिससे उन्हें आगामी फसल की बुवाई में सहायता मिल सके।
वहीं, छह किसानों को कृषि यंत्रों की खरीद पर 50 प्रतिशत अनुदान का लाभ मिलने के उपलक्ष्य में प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस प्रकार जिले में कुल 39 किसानों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम में विधायक अजीत पाल त्यागी, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अंजनी कुमार सिंह, उप कृषि निदेशक आशीष कुमार सिंह और जिला कृषि अधिकारी अमित कुमार उपस्थित रहे।
इस दौरान किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने कहा कि किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना, कृषि उत्पादन में वृद्धि करना और खेती में आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने और किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए, ताकि किसानों को समय पर सहायता मिल सके और कृषि क्षेत्र के विकास को गति दी जा सके।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










