ककोड़ : 28 / अक्टूबर / 2026 : ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव सुबरा में बिजली के तारों से निकली चिंगारी के कारण किसान की छह बीघा गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। घटना के बाद किसान को भारी नुकसान हुआ है। इसे लेकर आसपास के किसानों में रोष व्याप्त है।
गांव सुबरा निवासी सोहनपाल पुत्र नरपत ने बताया कि उनके खेत के ऊपर से 440 वोल्ट की बिजली लाइन गुजर रही है। आरोप है कि मंगलवार दोपहर करीब दो बजे बिजली के तार आपस में टकरा गए, जिससे निकली चिंगारी खेत में गिर गई और देखते ही देखते छह बीघा गन्ने की फसल जलकर राख हो गई।
किसान का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद बिजली विभाग का कोई अधिकारी अब तक खेत पर जांच-पड़ताल करने नहीं पहुंचा। किसानों का कहना है कि आए दिन बिजली के तारों से निकलने वाली चिंगारी के कारण फसलें जलकर नष्ट हो रही हैं, जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने बिजली लाइनों की नियमित जांच कराने और इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।
वहीं, सिकंदराबाद के एसडीएम रविंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए क्षेत्रीय लेखपाल को आदेश दिए गए हैं। जांच के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









