Home » बुलंदशहर » एकेपी डिग्री कॉलेज में रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ, छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

एकेपी डिग्री कॉलेज में रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ, छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

खुर्जा  : 17 / नवंबर / 2026 :   एकेपी डिग्री कॉलेज खुर्जा में मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को छात्राओं को आत्मनिर्भर एवं कौशलयुक्त बनाने के उद्देश्य से कुकरी एवं बेकरी प्रशिक्षण कोर्स तथा ऑटोमेटिक उषा सिलाई मशीन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन खुर्जा विधायक  मीनाक्षी सिंह, एसडीएम सत्येंद्र कुमार सिंह, राजकीय फल संरक्षण केंद्र बुलंदशहर से प्रवीण, उषा सिलाई मशीन कंपनी से विकास भारद्वाज तथा महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. डिंपल विज ने मां सरस्वती के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित कर एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्ज्वलित करके किया।

कार्यक्रम संयोजिका नीलू सिंह ने बताया कि छात्राओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से इस कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से छात्राओं को कुकरी, बेकरी एवं आधुनिक सिलाई मशीनों का प्रशिक्षण देकर उन्हें हुनरमंद और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्य अतिथि विधायक मीनाक्षी सिंह ने महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया तथा संस्थान द्वारा छात्राओं के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए एक लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करना आवश्यक है।

विशिष्ट अतिथि एसडीएम सत्येंद्र कुमार सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ-साथ कौशलयुक्त होना भी बेहद जरूरी है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री द्वारा नई शिक्षा नीति में कौशल विकास को विशेष महत्व दिया गया है। उन्होंने छात्राओं से प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने का आह्वान किया।

महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. डिंपल विज ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महाविद्यालय छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव तत्पर है। इसी उद्देश्य से छात्राओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए इस प्रकार के रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment