बुलंदशहर : 18 / नवंबर / 2026 : 18 नवंबर 2026 को चौधरी कुलदीप गुड्डू के नेतृत्व में किसानों ने किसान दिवस में पहुंचकर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान किसानों की मांगों को लेकर एक ज्ञापन प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रपति के नाम तथा दूसरा ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को सौंपा गया।

किसान दिवस की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी अभिषेक कुमार ने की। बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारी, डीडी एग्रीकल्चर, जिला कृषि अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, एआर कोऑपरेटिव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। किसानों ने अधिकारियों के सामने कृषि, बिजली, सिंचाई, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से जुड़ी समस्याएं रखीं।
किसानों की प्रमुख मांगों में अग्निवीर योजना समाप्त कर पूर्व की तरह सेना में स्थायी भर्ती शुरू कराने, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से बुलंदशहर-बदायूं मार्ग और बुलंदशहर-अनूपशहर मार्ग पर उतरने-चढ़ने का रास्ता देने तथा उत्तर प्रदेश में गन्ने का भाव 500 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित करने की मांग शामिल रही।

इसके अलावा सिंभावली शुगर मिल को पूर्व की तरह चालू कराने और सिंभावली व बृजनाथपुर शुगर मिलों पर किसानों का बकाया करीब 10 करोड़ रुपये का भुगतान कराने की मांग उठाई गई।
किसानों ने अनूपशहर गंगा घाट पर मेले के दौरान सुरक्षा, बिजली, पानी, शौचालय, चेंजिंग रूम और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था कराने की मांग भी रखी। याकूबपुर साधन सहकारी समिति को स्थायी रूप से संचालित कराने, आवारा पशुओं को गोशालाओं में भेजने और गन्ना किसानों को समय से पर्चियां उपलब्ध कराने की मांग की गई, ताकि किसान गन्ने की कटाई के बाद गेहूं की बुवाई समय पर कर सकें।

ग्रामीण समस्याओं को उठाते हुए किसानों ने गांव याकूबपुर की पानी की टंकी को पेयजल आपूर्ति के लिए चालू कराने और अन्य गांवों में भी पेयजल व्यवस्था सुचारू करने की मांग की। प्रत्येक गांव में नए विद्युत पोल लगाने, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, जरूरत के अनुसार नए ट्रांसफार्मर लगाने तथा आबादी के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के नीचे सुरक्षा जाल लगाने की मांग रखी गई।
इसके साथ ही गांवों में नालों और नालियों की सफाई, नई सड़कों का निर्माण, तालाबों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की गई। पशुओं के उपचार के लिए दवाइयां और इंजेक्शन उपलब्ध कराने, सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टर, नर्स, दवाइयां और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात भी उठाई गई। काली नदी के प्रदूषित पानी से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का निरीक्षण कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की गई।
चौधरी कुलदीप गुड्डू ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिन के अंदर जिले की सभी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो किसान आंदोलन करने के लिए विवश होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि किसी भी किसान का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी अभिषेक कुमार ने किसानों की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके निस्तारण का भरोसा दिलाया। इस मौके पर चौधरी कुलदीप गुड्डू, जितेंद्र चाहर, आदेश कुमार, डॉक्टर नईम, विवेक कुमार, नरेंद्र राव, मनोज कुमार, पवन कुमार, सतेंद्र शर्मा, नरेश कुमार, शिव कुमार सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










