गाजियाबाद : 26 / नवंबर / 2026 : मोहन नगर स्थित आईटीएस कॉलेज में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने और युवाओं की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। मुख्य अतिथि रितु रिणवा ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए महिलाओं की समान और सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।

महिला मतदाताओं के पंजीकरण में मौजूद अंतर को कम करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम में कविता मीना ने भी महिलाओं और युवाओं से मतदान प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना चाहिए, ताकि लोकतंत्र में उसकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने जनपद के नागरिकों से ईसीआई नेट ऐप डाउनलोड कर मतदाता सूची में अपना नाम जांचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फार्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन करें। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में आईटीएस के चेयरमैन अर्पित चड्ढा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षाविद्, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
इस अवसर पर छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मतदान का महत्व बताया, जबकि विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित कर लोकतंत्र को मजबूत बनाना रहा।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










