Home » गाजियाबाद » विश्व दिव्यांगता दिवस पर सभी जिलों में लगेंगे विशेष शिविर, दिव्यांगजनों को मिलेंगे सहायक उपकरण

विश्व दिव्यांगता दिवस पर सभी जिलों में लगेंगे विशेष शिविर, दिव्यांगजनों को मिलेंगे सहायक उपकरण

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

गाजियाबाद  : 26 / नवंबर / 2026 :    विश्व दिव्यांगता दिवस के अवसर पर आगामी 3 दिसंबर को प्रदेश के सभी जनपदों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। साथ ही उन्हें सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।

प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने गुरुवार को गाजियाबाद स्थित गंगाजल जल निगम अतिथि गृह में आयोजित मेरठ मंडल की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विश्व दिव्यांगता दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण के प्रति संकल्प दोहराने का अवसर है। सभी जनपदों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

जरूरतमंदों को उनकी आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिव्यांग पेंशन, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ई-ट्राइसाइकिल, विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र और कॉक्लियर इम्प्लांट जैसी योजनाओं से पात्र लोगों को जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।

इसके लिए पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उनके आवेदन समय से पूरे कराए जाएं, ताकि कोई भी जरूरतमंद सरकारी सहायता से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन को सुविधाजनक बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि 3 दिसंबर के आयोजनों की तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं और कार्यक्रमों का प्रभावी ढंग से संचालन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में मेरठ मंडल के छह जनपदों के विभागीय अधिकारी एवं दोनों विभागों के मंडलीय और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment