गाजियाबाद : 26 / नवंबर / 2026 : शादी-विवाह और अन्य समारोहों में हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ गाजियाबाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में थाना मधुबन बापूधाम पुलिस ने कुआं पूजन कार्यक्रम में हर्ष फायरिंग और शस्त्र प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में मुकेश कुमार नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को ग्राम दुहाई में कुआं पूजन समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की गई थी। इस दौरान हथियारों का प्रदर्शन भी किया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 और आर्म्स एक्ट की धारा 27/30 के तहत कार्रवाई की गई थी। पुलिस ने अभियान के तहत गश्त और चेकिंग के दौरान मन्नधाम के पास रेलवे फाटक के निकट फ्लाईओवर की ओर जाने वाले मार्ग से मुकेश कुमार (38) पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी हंस विहार, बुलंदशहर को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के पास से 32 बोर की एक देशी पिस्टल और एक एयरगन बरामद हुई है। पुलिस ने बरामद पिस्टल के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 भी जोड़ दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










