दुष्यंत पचौरी , हाथरस
हाथरस : 25 / अप्रैल / 2026 : विकास भवन सभागार में उ0प्र0 गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता की अध्यक्षता में गौ संरक्षण एवं अनुश्रवण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान अध्यक्ष ने जनपद में संचालित स्थायी व अस्थायी गौ आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि गौवंश के लिए पर्याप्त हरा चारा, भूसा, चोकर और स्वच्छ पेयजल हर हाल में उपलब्ध कराया जाए। साथ ही सभी गौशालाओं में भूसा बैंक स्थापित करने और सीसीटीवी कैमरों को सुचारु रूप से संचालित रखने पर जोर दिया।

ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए गौशालाओं में छाया, टीनशेड और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। पशु चिकित्सकों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करने और बीमार पशुओं का तत्काल इलाज सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए गए।
अध्यक्ष ने सड़कों और बाजारों में घूम रहे निराश्रित गौवंश को चिन्हित कर अभियान चलाकर उन्हें सुरक्षित गौ आश्रय स्थलों में पहुंचाने के निर्देश दिए, जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आमजन को राहत मिले।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने जानकारी दी कि जिले में वर्तमान में 10,488 निराश्रित गौवंश विभिन्न आश्रय स्थलों में संरक्षित हैं। मुख्यमंत्री गौवंश सहभागिता योजना के तहत 227 लाभार्थियों को 345 गौवंश सौंपे जा चुके हैं। साथ ही कैटल कैचर टीमों के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
जनपद में 2 वृहद गौ संरक्षण केंद्र, 34 अस्थायी गौ आश्रय स्थल और 5 नगर निकायों में व्यवस्थाएं संचालित हैं। 36 गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें से 22 कार्यशील हैं।
बैठक में परियोजना निदेशक, उप जिलाधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
![]()
