बसपा की ओबीसी समीक्षा बैठक में संगठन मजबूती पर जोर, बूथ स्तर पर जुटने का आह्वान

सुनील पाठक , गोरखपुर

 

बस्ती : 23 / जून / 2026 :  बहुजन समाज पार्टी के सामाजिक भाईचारा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) संगठन की मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक गुरुवार को बस्ती प्रेस क्लब सभागार में आयोजित की गई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत बनाने और बूथ स्तर तक पार्टी की पकड़ बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के मुख्य अतिथि एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तथा मुख्य मंडल संयोजक भीम राजभर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा की सरकार बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता अभी से बूथ स्तर पर सक्रिय हो जाएं। उन्होंने बसपा शासनकाल में ओबीसी वर्ग के हित में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि बहन कुमारी मायावती के नेतृत्व में प्रदेश में पुनः सरकार बनाने के लिए संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करना होगा।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे मुख्य मंडल संयोजक उदयभान ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी ने हमेशा ओबीसी समाज के विकास और उत्थान के लिए कार्य किया है। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व एमएलसी लालचंद निषाद ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने और अधिक से अधिक ओबीसी समाज के लोगों को पार्टी से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता मिलकर बहन मायावती को पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के लक्ष्य के साथ कार्य करें।

बैठक का संचालन जिला संयोजक एडवोकेट अनूप कुमार ने किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ओबीसी समाज के बीच पार्टी की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन विस्तार, बूथ गठन और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment