सरकारी कर्मचारी आवास में शराबखोरी का आरोप, ब्लॉक परिसर की व्यवस्था पर उठे सवाल

सुनील पाठक , गोरखपुर

 

बस्ती/कप्तानगंज : 23 / जून / 2026 :  कप्तानगंज विकास खंड परिसर स्थित सरकारी कर्मचारी आवासों में शराबखोरी और अनुशासनहीनता के आरोपों को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। आरोप है कि कर्मचारी आवासों में नियमित रूप से शराब पार्टियां आयोजित की जा रही हैं, जिससे सरकारी परिसर की गरिमा प्रभावित हो रही है और कर्मचारी आचरण नियमावली की खुलेआम अनदेखी हो रही है।

जानकारी के अनुसार ब्लॉक परिसर में बने कर्मचारी आवासों का उपयोग कुछ ग्राम पंचायत अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी कार्यालय के रूप में भी कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई कर्मचारी अपने कार्यक्षेत्रों में नियमित रूप से उपस्थित होने के बजाय आवासीय परिसर में ही समय बिताते हैं। आरोप है कि कुछ आवासों में शराब सेवन की घटनाएं आम हो गई हैं, जिसके चलते परिसर में अक्सर टूटी हुई शराब की बोतलें दिखाई देती हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी कर्मचारियों को अपने-अपने ग्राम क्षेत्रों में जाकर जनसमस्याओं का समाधान करना चाहिए, लेकिन कुछ कर्मचारी ब्लॉक मुख्यालय तक ही सीमित रह जाते हैं। इससे ग्रामीणों को आवश्यक सेवाएं और योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पाता।

वहीं, ब्लॉक परिसर में कथित रूप से चल रही इन गतिविधियों को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी भी सवालों के घेरे में है। लोगों का कहना है कि मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों तक होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे सरकारी व्यवस्था की छवि प्रभावित हो रही है और ब्लॉक परिसर की बदनामी बढ़ रही है।

क्षेत्रीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा सरकारी परिसरों में अनुशासन एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment