खुर्जा : 23 / जून / 2026 : खुर्जा सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए श्री हरिदास चैरिटेबल ट्रस्ट ने एक गरीब परिवार की बेटी के विवाह में सहयोग कर मानवता और सेवा का संदेश दिया। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने नवविवाहित कन्या को गृहस्थी का आवश्यक सामान भेंट कर उसके नए जीवन की सुखद शुरुआत की कामना की।
ग्राम उस्मापुर निवासी राजवती एवं चंदर की पुत्री आयुष खुशबू का विवाह 22 जून 2026 को इस्माइलपुर मुरैना, खुर्जा जंक्शन निवासी मनोज पुत्र सतीश के साथ संपन्न हुआ। विवाह के अवसर पर श्री हरिदास चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक सोनपाल सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष डी.सी. गुप्ता (कांटे वाले), मीडिया प्रभारी पवन कुमार फौजी, कोषाध्यक्ष बाबा जयप्रकाश, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल जयराम शर्मा, अजय पाल फौजी, गिर्राज फौजी तथा सरिता गुप्ता सहित अन्य समाजसेवी परिवार के घर पहुंचे और गृहस्थी का आवश्यक सामान भेंट किया।
इस दौरान ट्रस्ट के जिलाध्यक्ष डी.सी. गुप्ता ने बताया कि संस्था गरीब एवं जरूरतमंद कन्याओं के विवाह में सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से लगातार कार्य कर रही है। ट्रस्ट के सदस्य स्वयं विवाह स्थल पर पहुंचकर परिवारों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराते हैं, जिससे नवविवाहित जोड़ों को नए जीवन की शुरुआत में सहायता मिल सके।
ट्रस्ट के संस्थापक सोनपाल सिंह चौहान ने कहा कि संस्था समय-समय पर जरूरतमंद लोगों की मदद, निःशुल्क भंडारों के आयोजन तथा अन्य सामाजिक सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए प्रयासरत है।

मीडिया प्रभारी पवन कुमार फौजी ने बताया कि श्री हरिदास चैरिटेबल ट्रस्ट गरीबों, असहायों और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए समर्पित संस्था है, जो सेवा और सहयोग की भावना के साथ निरंतर समाजहित में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट द्वारा प्रतिवर्ष सर्वजातीय निःशुल्क सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन भी किया जाता है, जिसमें नवविवाहित जोड़ों को आवश्यक गृहस्थी सामग्री प्रदान की जाती है।
![]()
