बस्ती: रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं, अधिकारियों ने दिया समाधान का भरोसा

सुनील पाठक , गोरखपुर

 

बस्ती : 26 / जून / 2026 :  विकास खंड बस्ती सदर की ग्राम पंचायत मरहा में शुक्रवार को रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। चौपाल का उद्देश्य गांवों की मूलभूत समस्याओं का मौके पर संज्ञान लेकर उनके त्वरित एवं समयबद्ध समाधान की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करना था।

चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, विद्युत व्यवस्था, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सुरक्षा सहित विभिन्न जनहित के मुद्दे उठाए। अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। समाज कल्याण, पंचायत राज, ग्रामीण विकास, आवास, पेंशन, मनरेगा, स्वच्छता और शिक्षा विभाग की योजनाओं के बारे में विस्तार से बताते हुए पात्र लोगों से उनका अधिकतम लाभ लेने की अपील की गई।

इस दौरान गांव में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों ने अधूरे कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता गांवों का समग्र विकास और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

रात्रि चौपाल में पंचायत सचिवालय, प्राथमिक विद्यालय तथा गांव में कराए गए सौंदर्यीकरण एवं रंग-रोगन के कार्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित परिसर, जनोपयोगी सुविधाएं और प्रेरणादायी वातावरण की अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने सराहना की।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख बस्ती सदर राकेश कुमार श्रीवास्तव, जिला पंचायत राज अधिकारी घनश्याम सागर, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, जिला विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी शिवमणि, ग्राम प्रधान लालता प्रसाद यादव, प्रधान प्रतिनिधि अखिल कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव ने की।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment