मोहर्रम को लेकर गोरखपुर में हाई अलर्ट, एसपी सिटी और एडीएम सिटी ने किया फ्लैग मार्च

सुनील पाठक , गोरखपुर

 

गोरखपुर : 26 / जून / 2026 :  आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटील, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार तथा क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी के नेतृत्व में थाना राजघाट एवं थाना कोतवाली क्षेत्र में पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।

पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों, ताजिया मार्गों तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों, व्यापारियों एवं धर्मगुरुओं से संवाद स्थापित कर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटील ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी थाना क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी रखी जाए तथा ड्रोन कैमरों का भी आवश्यकतानुसार उपयोग किया जाए।

एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मोहर्रम के दौरान साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी ने कहा कि सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करते रहें और खुफिया तंत्र को सक्रिय रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखें। साथ ही, सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, थानाध्यक्ष राजघाट सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा और यह संदेश दिया गया कि पुलिस-प्रशासन हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारा बनाए रखें, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment