Home » बुलंदशहर » जहांगीराबाद में बिजली संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, बिजलीघर का घेराव कर किया जोरदार प्रदर्शन

जहांगीराबाद में बिजली संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, बिजलीघर का घेराव कर किया जोरदार प्रदर्शन

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

जहांगीराबाद  : 27 / जून / 2026 :  जहांगीराबाद  नगर में लगातार बिगड़ रही बिजली व्यवस्था के विरोध में शनिवार को लोगों का गुस्सा सड़कों पर दिखाई दिया। शुक्रवार रात भर बिजली आपूर्ति ठप रहने और उमस भरी गर्मी से परेशान नागरिकों ने टाउन स्कूल स्थित बिजलीघर का घेराव कर विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) को हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान माहौल तब और गर्म हो गया, जब एसडीओ ने लोगों के सामने संबंधित जेई से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। इससे नाराज लोगों ने विभागीय कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग तेज कर दी।

इस दौरान महिलाओं ने भी अनोखे अंदाज में विरोध जताया। हाथों में चूड़ियां लेकर बिजलीघर पहुंचीं महिलाओं ने अधिकारियों को चूड़ियां भेंट करते हुए कहा कि यदि वे जनता को नियमित बिजली उपलब्ध नहीं करा सकते तो जिम्मेदारी छोड़ दें।

आक्रोशित लोगों ने अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) और एसडीओ को अपने बीच बैठाकर बिजली व्यवस्था में सुधार का ठोस आश्वासन मांगा। काफी देर तक चली वार्ता और हंगामे के बाद अधिकारियों ने समस्या के समाधान का भरोसा दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक होशियार सिंह भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से नगर की बदहाल बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और घंटों बिजली गुल रहने से जनजीवन प्रभावित है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment

Latest Video

Advertisement

Gold and Silver price

मौसम की जानकारी

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This