Home » उत्तर प्रदेश » नाले में मिले युवक के शव से भड़का आक्रोश, हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने लगाया जाम

नाले में मिले युवक के शव से भड़का आक्रोश, हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने लगाया जाम

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

सुनील पाठक , गोरखपुर

 

गोरखपुर  : 30 / जुलाई / 2026 :   पिपराइच थाना क्षेत्र में नाले से मिले युवक के शव की पहचान 25 वर्षीय उपेंद्र निषाद के रूप में होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। घटना से नाराज लोगों ने पिपराइच-गोरखपुर मुख्य मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब ढाई घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिसके बाद पुलिस के समझाने-बुझाने पर जाम समाप्त कराया गया।

परिजनों ने मृतक के परिवार को 25 लाख मुआवजा और पत्नी को जीवनयापन के लिए नौकरी देने की मांग रखी। मृतक उपेंद्र निषाद पिपराइच थाना क्षेत्र के हैदरगंज जंगलधूषण के निवासी थे। परिवार में पत्नी कुसुम और माता भानमती देवी हैं। शव की पहचान होते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घटना को संदिग्ध बताते हुए गंभीर आरोप लगाए।

मृतक की बहन नर्मदा ने आरोप लगाया कि उसके भाई की हत्या पुरानी जमीनी रंजिश के चलते की गई है। उनका कहना है कि गांव के सिकंदर बीहुल, उमेश और हृदयनारायण उपेंद्र को घुमाने के बहाने अपने साथ ले गए थे। आरोप है कि देर रात तीनों ने तुरवा बाजार के आगे उसकी हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया। परिजनों के मुताबिक आरोपी पहले भी जान से मारने की धमकी दे चुके थे।

विरोध प्रदर्शन के चलते मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना मिलते ही पिपराइच, शाहपुर और चिलुआताल थानों की पुलिस के साथ एसडीएम सदर मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी कुंदन सिंह ने बताया कि तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment