Home » उत्तर प्रदेश » गोरखपुर: 54 विद्यालयों में व्यावसायिक लैब स्थापना को मिली रफ्तार, 2.70 करोड़ रुपये स्वीकृत

गोरखपुर: 54 विद्यालयों में व्यावसायिक लैब स्थापना को मिली रफ्तार, 2.70 करोड़ रुपये स्वीकृत

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

सुनील पाठक , गोरखपुर

 

गोरखपुर : 31 / जुलाई / 2026 :  केन्द्र पोषित रिवाइज्ड व्यावसायिक शिक्षा योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में चयनित विद्यालयों में व्यावसायिक लैब स्थापित करने को लेकर जनपदीय क्रय समिति की महत्वपूर्ण बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी ने की, जिसमें ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद गोरखपुर के 9 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों एवं 45 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों सहित कुल 54 विद्यालयों में व्यावसायिक लैब स्थापित की जानी है। इसके लिए समग्र शिक्षा (माध्यमिक) की वार्षिक कार्ययोजना एवं बजट 2025-26 के तहत अनावर्तक मद में स्वीकृति प्रदान की गई है।

जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार सिंह ने अवगत कराया कि प्रत्येक विद्यालय में दो ट्रेड के अनुसार लैब उपकरण क्रय किए जाएंगे। प्रति विद्यालय प्रति ट्रेड 2,50,000 की दर से कुल 108 ट्रेड के लिए 2,70,00,000 (दो करोड़ सत्तर लाख रुपये) की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस योजना के माध्यम से छात्रों को व्यावसायिक शिक्षा से जोड़ते हुए उन्हें रोजगारपरक कौशल प्रदान किया जाएगा।

बैठक में क्रय प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी संबंधित विद्यालयों में शीघ्र लैब स्थापना सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि छात्र-छात्राओं को आधुनिक सुविधाओं के साथ व्यावसायिक प्रशिक्षण मिल सके।

इस अवसर पर मुख्य कोषाधिकारी, उपायुक्त उद्योग, वित्त एवं लेखाधिकारी सहित विभिन्न राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी विद्यालयों में लैब स्थापना का कार्य पूर्ण कराया जाएगा।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment