सुनील पाठक , गोरखपुर
गोरखपुर : 16 / अगस्त / 2026 : मा० उपाध्यक्ष, राज्य महिला आयोग, उत्तर प्रदेश चारू चौधरी की अध्यक्षता में आज जनपद गोरखपुर में महिला सम्मान, महिला सुरक्षा एवं महिला स्वावलंबन के प्रति जागरूकता एवं महिला समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

सर्वप्रथम चन्द्रकान्ति रमावती देवी आर्य महिला पी०जी० कॉलेज, गोरखपुर में छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मा० उपाध्यक्ष महोदया ने छात्राओं को समय प्रबंधन एवं अनुशासन को लक्ष्य प्राप्ति का मूल मंत्र बताते हुए आत्मविश्वास, निरंतर प्रयास एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़कर आर्थिक सहायता, स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के अवसर प्राप्त करने के संबंध में जानकारी प्रदान की।
संवाद के दौरान छात्राओं ने महिला सुरक्षा, स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता से संबंधित विभिन्न प्रश्न एवं समस्याएं साझा कीं, जिनका मा० उपाध्यक्ष महोदया द्वारा समाधान एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान भी आयोजित किया गया।

इसके उपरांत विकास भवन सभागार, गोरखपुर में मा० उपाध्यक्ष महोदया की अध्यक्षता में महिला जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में कुल 27 महिला उत्पीड़न संबंधी प्रकरणों की सुनवाई की गई। इनमें मुख्य रूप से घरेलू हिंसा, मारपीट, दहेज उत्पीड़न एवं राजस्व संबंधी प्रकरण शामिल रहे।
मा० उपाध्यक्ष महोदया द्वारा प्रत्येक प्रकरण को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। संबंधित थानों, महिला थाना एवं विभिन्न विभागों के समन्वय से प्रकरणों के समाधान की कार्यवाही सुनिश्चित की गई।
कार्यक्रम के समापन पर ‘हर घर तिरंगा’ एवं दहेज प्रतिषेध के प्रति जन-जागरूकता एवं सामाजिक प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शपथ एवं हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), परियोजना निदेशक, ग्रामीण एवं शहरी आजीविका मिशन, उप मुख्य चिकित्साधिकारी, पुलिस अधीक्षक (अपराध), जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










