गाजियाबाद : 24 / अगस्त / 2026 : उत्तर प्रदेश सरकार की बैकयार्ड पोल्ट्री योजना वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत गाजियाबाद में अनुसूचित जाति वर्ग के निर्बल एवं पात्र लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए 800 लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। इनमें 500 पुरुष और 300 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।
योजना का लाभ लेने के इच्छुक अभ्यर्थी अपने ग्राम प्रधान, ग्राम प्रशासक अथवा संबंधित पशु चिकित्साधिकारी के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। ग्रामीण स्तर पर चयन ग्राम प्रधान और संबंधित पशु चिकित्साधिकारी द्वारा किया जाएगा। इसके बाद जनपद स्तर पर मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित चयन समिति पात्र लाभार्थियों का चयन करेगी।

चयनित लाभार्थियों को 50 चूजे, छप्पर की व्यवस्था के लिए 900 रुपये की धनराशि, आवश्यक दवा, 50 किलोग्राम कुक्कुट आहार और तीन दिवसीय कुक्कुट पालन प्रशिक्षण निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
योजना के लिए आवेदक का गाजियाबाद का निवासी होना आवश्यक है। उसके पास निवास और कुक्कुट पालन के लिए उपयुक्त व्यवस्था तथा केवाईसी अद्यतन बैंक खाता होना चाहिए। आवेदक का अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित होना भी अनिवार्य है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसपी पाण्डेय ने पात्र एवं इच्छुक लोगों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय से आवेदन करने की अपील की है। योजना की अधिक जानकारी के लिए ग्राम प्रधान, ग्राम प्रशासक, निकटतम पशु चिकित्सालय अथवा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










