खुर्जा : 25 / अगस्त / 2026 : खुर्जा की लोकप्रिय विधायक मीनाक्षी सिंह के प्रस्ताव पर खुर्जा विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा करीब 10 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से सात प्रमुख सड़कों के नव-निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अनुमोदन के बाद इन सड़कों के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति भी जारी कर दी गई है।
विधायक मीनाक्षी सिंह के अनुसार, स्वीकृत किए गए सभी मार्ग ऐसे हैं, जिनका निर्माण अब तक नहीं हुआ था। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ-साथ किसानों और स्थानीय निवासियों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

स्वीकृत कार्यों में ग्राम नार मोहम्मदपुर से चिंगरावली होते हुए उम्मानपुर मुख्य मार्ग तक 2.50 किलोमीटर सड़क का निर्माण, जिसकी लागत 241.37 लाख रुपये है। वहीं ग्राम कहरोला अरनिया संपर्क मार्ग से ग्राम कहरोला एवं भोगपुर अंडरपास तक 2.20 किलोमीटर मार्ग के लिए 172.75 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा ग्राम सौंदा हबीबपुर से ग्राम रामपुर संपर्क मार्ग के 1.31 किलोमीटर नव-निर्माण के लिए 128.45 लाख रुपये, ग्राम हिसारा से हीरोटी संपर्क मार्ग के 1 किलोमीटर निर्माण के लिए 92.34 लाख रुपये तथा ग्राम नगर से ग्राम सुतरपुर कलां संपर्क मार्ग के 1 किलोमीटर निर्माण के लिए 87.82 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।
इसी क्रम में ग्राम खुटेना से ग्राम गंगावली होते हुए पलड़ा झाल बिजलीघर रोड तक 2.10 किलोमीटर मार्ग के निर्माण के लिए 161.35 लाख रुपये तथा ग्राम भावदां से सौंदा हबीबपुर मार्ग के 1.51 किलोमीटर नव-निर्माण के लिए 154.09 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
विधायक मीनाक्षी सिंह ने इन विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही इन सड़कों के निर्माण कार्य के लिए निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी। इसके बाद निर्माण कार्य पूर्ण कराकर इन मार्गों को जनता को समर्पित किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि लंबे समय से प्रतीक्षित इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होगा और स्थानीय निवासियों के साथ किसानों को भी काफी सुविधा मिलेगी। इन मार्गों के निर्माण से खुर्जा विधानसभा क्षेत्र में विकास को और गति मिलने की उम्मीद है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










