गोरखपुर : 22 / सितम्बर / 2026 : गोरखपुर जनपद के प्रमुख समाजसेवी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी एवं गोरखनाथ सनातन संघ के गोरक्ष प्रांत क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी सुनील पाठक ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की है। उन्होंने अपने इस्तीफे में पारिवारिक व्यस्तताओं और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को पद छोड़ने का प्रमुख कारण बताया है।
सुनील पाठक ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद तिवारी को पत्र भेजकर अपने इस्तीफे को स्वीकार करने और उन्हें पद की जिम्मेदारियों से मुक्त करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि पारिवारिक परिस्थितियों और अस्वस्थता के चलते वह संगठन को पर्याप्त समय देने में असमर्थ हैं।

हालांकि, अपने पत्र में सुनील पाठक ने संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कोई भी सामाजिक व्यक्ति किसी संगठन या पार्टी से केवल लाभ की उम्मीद में नहीं जुड़ता, बल्कि संकट और परेशानी के समय अपने संगठन एवं साथियों के सहयोग की अपेक्षा रखता है।
उन्होंने पत्र में कहा कि यदि किसी विपरीत परिस्थिति में संगठन का नेतृत्व किसी कार्यकर्ता का सहयोग करने के बजाय उससे दूरी बना ले, तो ऐसे संगठन में कार्यकर्ता के बने रहने को लेकर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका यह संदेश केवल व्यक्तिगत तौर पर उनके लिए नहीं, बल्कि संगठन से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के लिए है।

सुनील पाठक ने कहा कि सामाजिक एवं संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाने के लिए आपसी सहयोग और विश्वास जरूरी है। फिलहाल उन्होंने अपनी व्यक्तिगत परिस्थितियों को देखते हुए संगठन की जिम्मेदारी से मुक्त होने का निर्णय लिया है।
इस्तीफे को लेकर गोरखनाथ सनातन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद तिवारी तथा गोरखपुर में KRJ News के प्रभारी से भी बातचीत की गई है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










