अगौता : 27 / सितम्बर / 2026 : पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। अगौता क्षेत्र में तेज बारिश के चलते खेतों में पानी भर गया है, जिससे धान की फसल को काफी नुकसान पहुंचने की आशंका है। कई स्थानों पर धान की फसल पानी में डूब गई है, जबकि तेज हवा और बारिश के कारण कुछ खेतों में फसल गिर गई है।
किसानों के अनुसार इस समय धान की फसल पकने की ओर बढ़ रही है। खेतों में लगातार पानी जमा रहने से धान के पौधों की जड़ों पर असर पड़ रहा है और कई स्थानों पर धान की बालियां भी पानी में डूबी हुई हैं। यदि जल्द पानी की निकासी नहीं हुई तो फसल सड़ने के साथ उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है।

किसानों का कहना है कि फसल तैयार करने में खाद, बीज, जुताई, सिंचाई और मजदूरी पर काफी खर्च हो चुका है। ऐसे में फसल खराब होने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
गांव बोंदरा निवासी कोशल प्रधान और भूपेंद्र सिंह समेत अन्य किसानों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में फसलों का स्थलीय निरीक्षण कराकर नुकसान का सर्वे कराने की मांग की है।
किसानों ने राजस्व और कृषि विभाग की टीमों को गांव-गांव भेजकर फसल क्षति का आकलन कराने तथा नियमानुसार पात्र किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
किसानों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो धान की फसल को और अधिक नुकसान हो सकता है। वहीं क्षेत्र के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे किसानों की चिंता लगातार बढ़ रही है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









