हाथरस : 28 / सितम्बर / 2026 : जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने सोमवार को जनता दर्शन के दौरान जनसुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का मौके पर मुआयना कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जनता दर्शन में जिला स्तरीय अधिकारियों, उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, खंड विकास अधिकारियों तथा नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोड़ा गया।

जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की मौजूदगी में ही संबंधित अधिकारियों से संवाद कर प्रकरण की वर्तमान स्थिति तथा अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली। साथ ही शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश में आईजीआरएस प्रणाली लागू है। शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण होने से जनपद की रैंकिंग बेहतर बनी रहती है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, संपूर्ण समाधान दिवस एवं थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा की जाए। लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं यथाशीघ्र निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी प्रत्येक कार्यदिवस में अपने कार्यालय में स्वयं जनसुनवाई करें तथा संभव हो तो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराएं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों पर केवल आदेश जारी करने की औपचारिकता न की जाए, बल्कि यह सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक एवं प्रभावी समाधान हुआ है। शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता के साथ-साथ समयबद्धता का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने विशेष रूप से लंबे समय से लंबित शिकायतों के मामलों में संबंधित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को दूरभाष के माध्यम से निर्देशित कर प्रभावी कार्रवाई कराने को कहा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और संबंधित अधिकारी स्वयं निगरानी करते हुए निस्तारण सुनिश्चित करें।
भूमि संबंधी विवादों के मामलों में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आवश्यकता के अनुसार उपजिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजें। संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच करते हुए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि भूमि विवादों का स्थायी एवं प्रभावी समाधान किया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी जनसुनवाई को गंभीरता से लें और प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










