रुदौली, अयोध्या : 2 / अक्टूबर / 2026 : रुदौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान स्टाफ नर्स पर पैसे लेने के लगाए गए आरोपों को लेकर मामला सामने आया है। वहीं, संबंधित प्रसूता ने वीडियो बयान जारी कर स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा पैसे लिए जाने के आरोपों का खंडन किया है। मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच की बात कही गई है।
जानकारी के अनुसार, 27 सितंबर को धर्मनगर (लोहिया पुल) निवासी सुमन पत्नी अरुण को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उसे रुदौली सीएचसी लेकर पहुंचे थे। यहां स्टाफ नर्स वर्षा सिंह, एक अन्य स्टाफ नर्स और वार्ड आया की मौजूदगी में प्रसव कराया गया। स्वास्थ्य कर्मियों के अनुसार जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।

इसके बाद सोशल मीडिया पर प्रसव के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा 3,800 रुपये मांगने और 1,600 रुपये दिए जाने के बाद प्रसूता को अस्पताल से जाने देने का आरोप लगाया गया।
मामला सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद संबंधित प्रसूता ने वीडियो बयान जारी कर इन आरोपों से इनकार किया। प्रसूता ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा उससे किसी प्रकार के पैसे नहीं लिए गए हैं। उसने लिखित रूप से भी आरोपों का खंडन किए जाने की बात सामने आई है।

वहीं, स्टाफ नर्स वर्षा सिंह ने भी आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि प्रसव के दौरान नवजात की स्थिति गंभीर थी और स्वास्थ्य कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद बच्चे को सुरक्षित किया। उन्होंने कहा कि लगाए गए आरोपों के कारण वह मानसिक रूप से परेशान हैं।
मामले को लेकर सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है, लेकिन अभी आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में विभिन्न स्थानों पर उनका मोबाइल नंबर अंकित कराया गया है, ताकि प्रसव के दौरान किसी भी प्रकार की धनराशि मांगे जाने पर लाभार्थी तत्काल सूचना दे सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर प्रसव सहित निर्धारित स्वास्थ्य सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध हैं। शिकायत सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों और प्रसूता के बयान के बीच स्थिति स्पष्ट करने के लिए जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










