अयोध्या : 2 / अक्टूबर / 2026 : रुदौली तहसील क्षेत्र के उमापुर स्थित मां गुरुदेवी विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में आगामी 10 अक्टूबर 2026 को प्रेमानंद पारसमणि ब्रह्मचारी की 100वीं जयंती समारोहपूर्वक मनाई जाएगी। कार्यक्रम को लेकर विद्यालय प्रबंधन की ओर से तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
विद्यालय के प्रबंधक एवं संरक्षक जेपी मिश्रा तथा प्रधानाचार्य बीएन त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से बताया कि जयंती समारोह के अवसर पर श्रीरामचरितमानस के पांचवें स्कंध सुंदरकांड का पाठ, पूजन, हवन एवं आरती का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद कन्या भोज, बाल भोज, ब्रह्म भोज तथा वृहद स्तर पर प्रसाद वितरण किया जाएगा।

जयंती समारोह के अवसर पर विराट कवि सम्मेलन का भी आयोजन होगा। इसमें विभिन्न जिलों और शहरों से दो दर्जन से अधिक कवियों के शामिल होने की संभावना है। कवि सम्मेलन में वीर रस, श्रृंगार रस, हास्य रस, संयोग एवं वियोग रस की रचनाओं की प्रस्तुति होगी।
आयोजकों के अनुसार कवि सम्मेलन में योगेश सिंह चौहान (वीर रस, लखनऊ), जगजीवन मिश्र (गीतकार, सीतापुर), मधु श्रीवास्तव (हास्य रस, रायबरेली), डॉ. पवन कुमार (वीर रस, बाराबंकी), रवि अवस्थी रुद्रांश (वीर रस, बाराबंकी), कालिंदी लता (श्रृंगार रस, बाराबंकी) तथा राम किशोर तिवारी (वीर रस एवं मंच संचालक, बाराबंकी) सहित फैजाबाद, अयोध्या धाम, रायबरेली, प्रतापगढ़ और कानपुर आदि क्षेत्रों के कवियों को आमंत्रित किया गया है।
कवि एवं कवयित्रियां अपनी स्वरचित रचनाओं के साथ गीत, कविता, गजल, भजन एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगे।
विद्यालय के प्रबंधक एवं संरक्षक जेपी मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष जयंती समारोह को पूर्व वर्षों की अपेक्षा और अधिक भव्य एवं गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। विद्यालय की प्रबंध समिति, शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी तथा क्षेत्र के प्रबुद्धजन कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










