अगौता : 2 / अक्टूबर / 2026 : अगौता थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर रैना में गुरुवार को विद्युत लाइन से निकली चिंगारी के कारण गन्ने की खड़ी फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने करीब तीन बीघा गन्ने की फसल को अपनी चपेट में ले लिया और फसल जलकर राख हो गई।
ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाकर करीब दो बीघा फसल को बचा लिया गया। गांव निवासी किसान पुष्पेंद्र पुत्र सतवीर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने गांव में ही गौतमबुद्धनगर निवासी एक व्यक्ति की पांच बीघा जमीन लगान पर लेकर उसमें गन्ने की फसल बो रखी है।

गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे खेत के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन से निकली चिंगारी गन्ने की फसल पर गिर गई, जिससे आग लग गई। आग ने आसपास की फसल को भी अपनी चपेट में ले लिया। किसान का आरोप है कि विद्युत तार जर्जर हालत में हैं।
करीब दो माह पहले भी उसने संबंधित विभाग को शिकायत देकर विद्युत लाइन को शिफ्ट करने अथवा तारों की व्यवस्था ठीक कराने की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। किसान का कहना है कि विभाग की लापरवाही के कारण उसे भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
किसान ने संबंधित अधिकारियों से नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने और विद्युत लाइन को दुरुस्त कराने की मांग की है। किसान ने बताया कि आग लगने के समय हवा का रुख दूसरी ओर होने के कारण आसपास के खेतों में आग फैलने से बच गई, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










