गोरखपुर : 4 / अक्टूबर / 2026 : समाजवादी पार्टी ने गोरखपुर में संगठन को लेकर बड़ा फैसला लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की अनुमति से जनपद गोरखपुर की जिला कार्यकारिणी, महानगर कार्यकारिणी समेत सभी फ्रंटल संगठनों की कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। इस संबंध में समाजवादी पार्टी के केंद्रीय कार्यालय से 4 अक्टूबर 2026 को कार्यालय ज्ञाप जारी किया गया।

जारी आदेश के मुताबिक जनपद गोरखपुर के जिलाध्यक्ष के साथ जिला कार्यकारिणी, महानगर अध्यक्ष के साथ महानगर कार्यकारिणी, फ्रंटल संगठनों के सभी जिलाध्यक्ष एवं महानगर अध्यक्ष तथा उनकी कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से मुक्त किया गया है।
इसके साथ ही गोरखपुर की समाजवादी पार्टी की राज्य कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों तथा सभी फ्रंटल संगठनों की प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को भी तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की अनुमति से यह निर्णय लिया गया है।
पार्टी कार्यालय से जारी आदेश की प्रतिलिपि राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार गौतम, पूर्व महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी, फ्रंटल संगठनों के सभी प्रदेश अध्यक्ष तथा गोरखपुर के पूर्व सांसद, पूर्व विधायक एवं प्रमुख नेताओं को आवश्यक कार्रवाई एवं सूचना के लिए भेजी गई है।
समाजवादी पार्टी के इस फैसले के बाद गोरखपुर में पार्टी संगठन के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। जिला और महानगर स्तर पर नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर अब पार्टी नेतृत्व की ओर से अगले कदम का इंतजार किया जा रहा है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










