चोला : 4 / अक्टूबर / 2026 : चोला क्षेत्र के गांव खानपुर और दाऊदपुर में रविवार को पूर्व विधायक बिमला सिंह सोलंकी के समर्थन में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपना समर्थन व्यक्त किया।
गांव खानपुर में आयोजित सभा की अध्यक्षता पूर्व प्रधान रघुराज सिंह ने की, जबकि संचालन रतन सिंह राघव ने किया। सभा में ग्राम प्रधान, पूर्व प्रधान, बीडीसी सदस्य सहित आसपास के क्षेत्र के गणमान्य लोगों और युवाओं ने भाग लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने पूर्व विधायक बिमला सिंह सोलंकी के प्रति समर्थन जताते हुए उन्हें आगामी चुनाव में मैदान में उतारने का संकल्प व्यक्त किया।

ग्रामीणों ने कहा कि बिमला सिंह सोलंकी किसी भी राजनीतिक दल से चुनाव लड़ें, खानपुर और आसपास के क्षेत्र के लोग उनके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं, विकास कार्यों और जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर बिमला सिंह सोलंकी के प्रति ग्रामीणों में विश्वास है।
वहीं, गांव दाऊदपुर में भी आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों और युवाओं ने पूर्व विधायक बिमला सिंह सोलंकी के समर्थन में अपनी बात रखी। यहां मौजूद लोगों ने भी उनके चुनाव लड़ने की स्थिति में पूरी तरह समर्थन देने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई।

दोनों गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में ग्रामीणों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। समर्थन जुटने के साथ ही क्षेत्र में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज होती दिखाई दे रही हैं।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










