बुलंदशहर : 8 / अक्टूबर / 2026 : भाजपा की ओर से बुधवार को बुलंदशहर में सेवा ज्योति संकल्प यात्रा निकाली गई। यात्रा से पहले आयोजित सेवा ज्योति सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्कूली बच्चों ने भाग लिया।
यात्रा जिला प्रदर्शनी के निकुंज ग्राउंड नुमाइश मैदान से शुरू होकर काला आम होते हुए डीएवी स्कूल पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के उत्तर प्रदेश सह प्रभारी अनंत ओझा शामिल हुए। उन्होंने विपक्षी दलों के नेताओं के बयानों पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब विकास और सुशासन के साथ आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और महिलाओं को सुरक्षा देने के साथ रोजगार के अवसर बढ़ाने का काम किया गया है।
अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अनंत ओझा ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब उनके विचारों के साथ नहीं जाएगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आगे बढ़ चुकी है। उन्होंने कहा कि 2027 में जनता इसका जवाब देगी।
रेणुका चौधरी के बयान पर उन्होंने कहा कि जो लोग कभी भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, उन्हें देश की आस्था और भावना को समझने में समय लगेगा। उन्होंने कहा कि जनता ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ पश्चिम बंगाल में भी भाजपा का समर्थन किया है।
अखिलेश यादव के भाजपा को देश के लिए मुसीबत बताए जाने वाले बयान पर अनंत ओझा ने कहा कि देश की जनता सब देख रही है और झूठे वातावरण के जरिए लोगों को लंबे समय तक गुमराह नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि देश का युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है।
सीएम योगी के 80 बनाम 20 वाले बयान पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जो कहा है, वह जनता के समर्थन के संदर्भ में है। उन्होंने दावा किया कि जनता गुंडाराज से मुक्ति और सुशासन के लिए एक बार फिर योगी सरकार के पक्ष में अपना समर्थन देगी।
इस दौरान भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










