जहांगीराबाद : 7 / अक्टूबर / 2026 : जहांगीराबाद नगर के एक फार्म हाउस में मंगलवार रात दावत-ए-वलीमा के दौरान गरम रोटी लेने को लेकर विवाद हो गया।
तंदूर से रोटी लेने पहुंचे युवक की कुछ युवकों से कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। मारपीट में दूल्हे के दिल्ली निवासी मौसेरे भाई सलीम समेत चार लोग घायल हो गए। गंभीर हालत में सलीम को बुलंदशहर के जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

नई बस्ती निवासी फरदीन पुत्र शौकत की शादी के बाद फार्म हाउस में दावत रखी गई थी। दावत के दौरान एक युवक गरम रोटी लेने तंदूर पर पहुंचा। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों से उसकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इससे दावत में अफरा-तफरी मच गई।
घटना में फरदीन का दिल्ली निवासी मौसेरा भाई सलीम, बारिश, उसकी पत्नी और बच्चा घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने सलीम की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बारिश और उसकी पत्नी ने कुछ युवकों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। फरदीन ने बताया कि उसने दो-तीन परिचितों को दावत में बुलाया था, लेकिन कुछ लोग अन्य साथियों के साथ आए और मारपीट करने लगे।
इस बाबत सीओ भरत सोनकर ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। इसके बावजूद कस्बा चौकी प्रभारी को मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस मारपीट में शामिल लोगों की जानकारी जुटा रही है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










