जहांगीराबाद : 7 / अक्टूबर / 2026 : जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है।
उन्होंने किशोरी के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर उसे सकुशल बरामद कराने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, आरोपी युवक कथित तौर पर किशोरी पर काफी समय से नजर रखता था और उसके आने-जाने के दौरान पीछा करता था। परिजनों का आरोप है कि 30 सितंबर और एक अक्टूबर की दरमियानी रात युवक उनके घर में घुसा और किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि घर से जाते समय किशोरी सोने की चेन, अंगूठी, चांदी की पायल और मोबाइल फोन साथ ले गई।
सुबह किशोरी के घर पर नहीं मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान एक पड़ोसी ने उन्हें बताया कि रात करीब एक बजे कुछ लोग एक व्यक्ति को साथ लेकर घर के आसपास से छिपते हुए जाते दिखाई दिए थे। इसके बाद परिजनों ने युवक के परिजनों से किशोरी के बारे में जानकारी मांगी।
आरोप है कि जानकारी मांगने पर युवक के परिजनों ने गाली-गलौज की और कथित तौर पर बताया कि किशोरी को युवक के साथ बाहर भेज दिया गया है। विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। परिजनों ने पुलिस से किशोरी की जल्द बरामदगी की मांग की है।
सीओ भरत सोनकर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और किशोरी की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










