Home » जहांगीराबाद » गांव-गांव बेटियों की शिक्षा की अलख जगाने पर विधायक संजय शर्मा को राष्ट्रीय सम्मान

गांव-गांव बेटियों की शिक्षा की अलख जगाने पर विधायक संजय शर्मा को राष्ट्रीय सम्मान

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

जहांगीराबाद : 7 / अक्टूबर / 2026 :   ग्रामीण क्षेत्रों में बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने और उन्हें पढ़ाई से जोड़े रखने के लिए किए गए प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय शर्मा को गुजरात के एकता नगर में आयोजित नेशनल चेंजमेकर्स मीट-2026 में राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया।

देश के 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चयनित 51 चेंजमेकर्स में संजय शर्मा को अपने विधानसभा क्षेत्र में बालिकाओं की शिक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधि के रूप में सम्मानित किया गया।

विधायक संजय शर्मा ने वर्ष 2017 से अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बालिकाओं की शिक्षा को लेकर अभियान शुरू किया था। इसके तहत वह गांवों में घर-घर पहुंचकर बालिकाओं और उनके परिवारों से संवाद करते रहे हैं।

उनका विशेष जोर इस बात पर रहा कि आर्थिक, सामाजिक या अन्य कारणों से किसी बेटी की पढ़ाई बीच में न छूटे। अभियान के दौरान कक्षा नौ से 12वीं तक की छात्राओं को शिक्षा जारी रखने के लिए विशेष रूप से प्रेरित किया गया।

विधायक के अनुसार, इस अभियान के माध्यम से अब तक 50 हजार से अधिक बेटियों को शिक्षा जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया है। वहीं 14 हजार से अधिक छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई से संबंधित समस्याओं और जरूरतों को समझने का प्रयास किया गया।

अभियान के दौरान 200 से अधिक ऐसी छात्राओं को दोबारा स्कूल से जोड़ा गया, जिन्होंने किसी कारण से पढ़ाई छोड़ दी थी। गांवों में परिवारों के बीच बेटियों की शिक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार संपर्क और संवाद का सिलसिला जारी रखा गया।

एकता नगर में आयोजित सम्मेलन में देशभर से सामाजिक बदलाव के लिए जमीनी स्तर पर काम करने वाले चेंजमेकर्स को सम्मानित किया गया। शिक्षा के अलावा जनजातीय कल्याण, नशामुक्ति, ग्रामीण विकास, सुशासन और कला-संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को भी सम्मान दिया गया।

विधायक संजय शर्मा ने सम्मेलन में अपने क्षेत्र में बालिकाओं की शिक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों और उसके सकारात्मक परिणामों को साझा किया।

सम्मान मिलने पर विधायक संजय शर्मा ने इसे अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र की बेटियों, उनके परिवारों और शिक्षा के लिए कार्य कर रहे लोगों के प्रयासों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा केवल एक परिवार नहीं, बल्कि पूरे समाज के भविष्य से जुड़ा विषय है।

ग्रामीण क्षेत्रों में हर बेटी को पढ़ाई का अवसर मिले और कोई भी बालिका परिस्थितियों के कारण शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए जागरूकता और निरंतर संवाद जरूरी है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment