खुर्जा : 7 / अक्टूबर / 2026 : मध्य प्रदेश के बनखेड़ी में 30 सितंबर से 5 अक्टूबर तक आयोजित 37वीं अखिल भारतीय कुश्ती प्रतियोगिता में आदर्श शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, खुर्जा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार चैंपियनशिप अपने नाम कीं।
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता से लौटे खिलाड़ियों का विद्यालय प्रांगण में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित कर अभिनंदन किया गया।

प्रतियोगिता में विद्यालय के अंकवाल (U-17), धर्मराज (U-19), निधि (U-19), पूजा (U-17), राधिका-I (U-17), राधिका-II (U-17), तुलसी (U-19), खुशी (U-19), कशिश (U-19) और अतुल (U-17) ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीते। ज्योति (U-14), ऋतिक (U-17), दीपक (U-17) और तुषार (U-17) ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि गोल्डी (U-17), दीपांशु (U-17) और अभय (U-17) ने तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीते।
विद्यालय पहुंचने पर अध्यक्ष आनंद सिंह, प्रबंधक महेश चंद्र अग्रवाल ‘पंसारी’ और प्रधानाचार्य योगेश नागर ने विजेता खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया।
खिलाड़ियों की सफलता में वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक पवन कुमार शर्मा और शारीरिक शिक्षिका मोनिका सिंह के मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण की विशेष भूमिका रही।
पवन कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। उन्होंने खिलाड़ियों की तकनीक को निखारने के साथ-साथ उनका मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें रणनीति और अनुशासन के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रबंध समिति और प्रधानाचार्य ने सभी खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम के सस्वर गान के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, छात्र-छात्राएं और मीडिया प्रमुख लव किशोर सहाय मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










