गाजियाबाद : 7 / अक्टूबर / 2026 : दिनांक 07 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 2:20 बजे फायर स्टेशन साहिबाबाद, कमिश्नरेट गाजियाबाद को सूचना प्राप्त हुई कि इंद्रप्रस्थ योजना के डी-ब्लॉक स्थित फ्लैटों में आग लग गई है।

सूचना मिलते ही फायर स्टेशन साहिबाबाद से दो फायर टेंडर तथा फायर स्टेशन लोनी से एक फायर टेंडर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। मौके पर प्रभारी अग्निशमन अधिकारी, लोनी भी पहुंचे। दमकल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर देखा कि संबंधित बिल्डिंग लोअर ग्राउंड से तृतीय तल तक निर्मित है और आग अपर ग्राउंड से लेकर तृतीय तल तक फैल चुकी थी।

फायर सर्विस यूनिट ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हौज लाइन फैलाकर एमएफई से पंपिंग शुरू की और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग बुझने के बाद दमकल टीम द्वारा मौके का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण में पाया गया कि अपर ग्राउंड फ्लोर पर विक्रम सिंह, प्रथम तल पर वेदांत भारद्वाज तथा द्वितीय तल पर हिमांशु चौधरी का फ्लैट था, जबकि तृतीय तल का फ्लैट बैंक द्वारा बंद बताया गया। आग मुख्य रूप से फ्लैटों के पीछे स्थित बालकनी और कमरों में लगी थी।

आग की चपेट में आने से बालकनी में रखा सामान तथा प्रत्येक तल के एक-एक कमरे में रखा कुछ सामान क्षतिग्रस्त हुआ है। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










