गाजियाबाद : 7 / अक्टूबर / 2026 : चार पहिया वाहनों की चोरी और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गाजियाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम को बड़ी सफलता मिली है।
टीम ने गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को क्राइम ब्रांच टीम ने थाना लिंक रोड क्षेत्र से आरोपी इमरान को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दिल्ली से चोरी की गई एक क्रेटा कार, फर्जी नंबर प्लेट, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि आरोपी अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह से जुड़ा हुआ है और चोरी किए गए वाहनों की खरीद-फरोख्त में भी सक्रिय भूमिका निभाता था।
प्रारंभिक पूछताछ में गिरोह के कई क्षेत्रों में सक्रिय होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब आरोपी से गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी किए गए वाहनों की संख्या, उन्हें ठिकाने लगाने के तरीके और पूर्व में हुई वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस टीम गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










