गाजियाबाद : 7 / अक्टूबर / 2026 : वेलकम इंडिया कपिल चौहान। साइबर जागरूकता माह के तहत बढ़ते साइबर अपराध और डिजिटल खतरों से युवाओं को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से आईएमएस इंजीनियरिंग कॉलेज, गाजियाबाद में साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल के नेतृत्व में साइबर अपराध थाना और वेव सिटी पुलिस द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने कॉलेज के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्टाफ को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, साइबर अपराध की रोकथाम और डिजिटल अपराधों से जुड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं।
फर्जी फोन कॉल, संदेश, लिंक, ऑनलाइन भुगतान, नौकरी के नाम पर ठगी और अन्य डिजिटल माध्यमों से होने वाली धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्क रहना जरूरी है। पुलिस टीम ने साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल आवश्यक कदम उठाने और समय पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते समय अपनी निजी और बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक और संदेशों से सावधान रहने की सलाह दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने साइबर सुरक्षा से संबंधित विभिन्न सवाल पूछे।
पुलिस अधिकारियों ने सवालों का जवाब देते हुए साइबर अपराध से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए और डिजिटल दुनिया में सावधानी बरतने की अपील की। कॉलेज प्रबंधन ने गाजियाबाद पुलिस की ओर से चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान की सराहना की। प्रबंधन ने कहा कि युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है और इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों को डिजिटल खतरों से बचने के लिए सजग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










